अगले महीने दक्षिण दिल्ली में खुलेंगे कई और आरोग्य मंदिर : बिधूड़ी
नई दिल्ली, 26 अगस्त । दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सोमवार
को बदरपुर विधानसभा क्षेत्र के मीठापुर चौक पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया। इस
अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और उन्होंने इस नई स्वास्थ्य सुविधा पर खुशी व्यक्त की।
सांसद बिधूड़ी ने कहा कि अब क्षेत्र के लोगों को अपने घर के नज़दीक ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य
सेवाएं उपलब्ध होंगी। आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मुफ्त जांच, दवाइयों के साथ-साथ सीनियर डॉक्टर
भी इलाज के लिए मौजूद रहेंगे। उन्होंने इस पहल के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता
का जनता की ओर से आभार जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद स्वास्थ्य
सेवाओं को प्राथमिकता दी है। कैबिनेट की पहली बैठक में ही दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू
करने का निर्णय लिया गया था।
बिधूड़ी ने जानकारी दी कि अगले महीने दक्षिण दिल्ली में अनेक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का
उद्घाटन मुख्यमंत्री स्वयं करेंगी। इन केंद्रों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दक्षिण
दिल्ली में कुल मिलाकर लगभग 200 आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे, जबकि पूरे दिल्ली में इनकी संख्या
1100 से अधिक होगी।

