Saturday, December 6, 2025
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeहरियाणा प्रदेशज्ञान, न्याय, सेवा, व्यापार और उद्योग एक साथ मिलकर राष्ट्र की नींव...

ज्ञान, न्याय, सेवा, व्यापार और उद्योग एक साथ मिलकर राष्ट्र की नींव को कर रहे ओर अधिक मजबूत: मंत्री कृष्ण लाल पंवार

कैथल, 16 जून। हरियाणा के विकास एवं पंचायत, खनन एवं भूविज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रोफेसर, डॉक्टर, वकील, व्यापारी और उद्योगपति भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अहम योगदान दे सकते हैं। ये वर्ग ज्ञान, न्याय, सेवा, व्यापार और उद्योग के माध्यम से राष्ट्र की नींव को मजबूत बना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में पिछले 11 साल में देश ने विकास में लंबी छलांग लगाई है। इसी का नतीजा है कि देश आज दुनिया में चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। विकास की इसी गति से देश तय अवधि तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने अनुसार विकसित राष्ट्र होगा।

मंत्री कृष्ण लाल पंवार सोमवार को कमेटी चौक स्थित सनातन धर्म मंदिर में आयोजित प्रोफेशन मीट में बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा वरिष्ठ नेता बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के सह-संयोजक रविभूषण गर्ग ने की। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रही। अपने संबोधन में मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-विकसित हरियाणा की और तेजी से अग्रसर है। यह सम्मेलन, केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि विकसित भारत-विकसित हरियाणा के निर्माण की एक झलक है। ये सभी वर्ग ज्ञान, न्याय, सेवा, व्यापार और उद्योग एक साथ मिलकर राष्ट्र की नींव को और अधिक मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रोफेसर शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र को मजबूत बना रहे हैं। प्रोफेसर्स से अपील है कि वे स्किल और स्टार्टअप कल्चर को बढ़ाएं। इसी प्रकार से डॉक्टर जन स्वास्थ्य के मिशन में भागीदारी निभा रहे हैं। वकील समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में योगदान देते हैं। व्यापारी स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजारों से जोड़ें और उद्योगपति नवाचार, स्टार्टअप और ग्रामीण उद्योगों को प्रोत्साहित करें।

हरियाणा के विकास एवं पंचायत, खनन एवं भूविज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने समावेशी विकास की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से हमने ज्ञान को रोजगार से जोड़ा है, शिक्षा को समावेशी बनाया है और शोध को प्रोत्साहन दिया है। वर्तमान सरकार ने हर 20 किलोमीटर में एक कॉलेज खोलने का काम किया है। आज प्रदेश में कुल 185 कॉलेज है। हमारी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 80 कॉलेज खोले है। इनमें से 30 कॉलेज केवल लड़कियों के हैं। जबकि, कांग्रेस के राज में केवल 44 खोले गए थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ई-कोर्ट्स और न्याय प्रणाली के डिजिटलीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री ने 2014 के बाद से 1500 से अधिक निरर्थक व पुराने केंद्रीय कानूनों को निरस्त किया है। सरकार ने देश की प्रगति, समानता और न्याय सुनिश्चित करने के लिए अनेक ऐतिहासिक कानून लागू किए हैं। आज देश सुरक्षित हाथों में है और दुश्मन को करारा जवाब दिया जाता है।

मंत्री कृष्ण पंवार ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र को साकार करने वाले सशक्त उपकरण हैं। भारत अब न्याय और विकास की दिशा में नई गति से आगे बढ़ रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य सेवा को हर गरीब के घर तक पहुंचाया है। पिछले 10 वर्षों में मेडिकल कॉलेजों संख्या बढ़कर 15 हो गई है, जबकि वर्ष 2014 से पहले केवल छह मेडिकल कॉलेज थे।

उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने व्यापार के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की रैंकिंग को सुधारने का कार्य किया, कर प्रणाली को सरल और पारदर्शी बनाया। जहां व्यापारी वर्ग लोगों को रोजगार देने के साथ साथ समाज को आगे भी बढ़ाते हैं। जीएसटी को व्यापारी वर्ग की मदद से ही सफल बनाया जा सका है। आज भारत को विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में उद्योगपतियों का बड़ा योगदान है। मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया जैसी योजनाएं आपके आत्मविश्वास पर ही आधारित हैं। हमारा लक्ष्य हरियाणा को 2047

तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में बदलना और 50 लाख नए रोजगार सृजित करना है। हरियाणा सरकार ने भविष्य की प्रौद्योगिकियों और नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर बनाया है। प्रदेश के हर जिले को एक एक्सपोर्ट हब बनाना हमारा सपना है। आप सब वोकल फॉर लोकल से आगे बढ़कर लोकल टू ग्लोबल की यात्रा तय करें। सरकार और आपके संयुक्त प्रयास से ही राष्ट्र निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में  सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है। किसानों की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। आढ़तियों का कमीशन 46 से बढ़ाकर 55 रुपये प्रति म्ंिटल किया गया है। महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्षा ज्योति सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में 11 साल में संकल्प से सिद्धि तक को सार्थक किया है। देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। इसी प्रकार से हरियाणा सरकार भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में जनकल्याण की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रोफेशन मीट में सरकार की 11 साल की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें हर्ष हो रहा है कि आज देश व प्रदेश का सशक्त नेतृत्व आम जनमानस के हित में काम कर रहा है। जिसका परिणाम आज देश के सामने है।

हर गांव में लाइब्रेरी, महिला सांस्कृतिक केंद्र व इंडोर जिम खोलेंगे-मंत्री

मीडिया से बातचीत में हरियाणा के विकास एवं पंचायत व खनन, भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश ने पिछले 11 साल में अभूतपूर्व विकास किया है। हरियाणा में हर गांव में लाइब्रेरी, महिला सांस्कृतिक केंद्र व इंडोर जिम खोले जाएंगे। एक लाख 75 हजार युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी प्रदान की गई है। हर घर में स्वच्छ जल प्रदान किया गया है। आज 95 प्रतिशत गांवों में जगमग योजना के तहत 24 घंटे बिजली प्रदान की जा रही है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज विपक्ष अपना संगठन तक नहीं बना सके हैं। प्रदेश में अपराध को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

कार्यक्रम में पहुंचने पर जिला अध्यक्षा ज्योति सैनी ने मंत्री का पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया। वहीं कार्यक्रम संयोजक रविभूषण गर्ग ने भाजपा जिला अध्यक्षा ज्योति सैनी का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। मंच संचालन भाजपा नेता सुरेश संधू ने किया। इस अवसर पर जिला भाजपा प्रभारी अमरपाल राणा, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक गुर्जर, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़, कार्यक्रम संयोजक रविभूषण गर्ग, महिला मोर्चा अध्यक्षा सुनीता, जसवंत पठानिया, राजपाल तंवर, सुभाष हजवाना, प्रवीण प्रजापति, शैली मुंजाल, जोगेंद्र ढुल सहित अनेकों गणमान्य लोग मौजूद थे।  

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments