कहा— पर्यावरण संरक्षण है हम सभी की जिम्मेदारी
इंडिया गौरव, राहुल सीवन । भाजपा जिला उपाध्यक्ष शैली मुंजाल और भाजपा महिला मोर्चा सीवन मंडल की अध्यक्षा कृष्णा कश्यप ने सीवन क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है, इसलिए हर व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया से ऊपर उठकर प्रकृति से जुड़ें और हरियाली बढ़ाने में सहयोग करें।
पौधारोपण के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा नेत्री शैली मुंजाल ने कहा कि भाजपा केवल राजनीति नहीं करती, बल्कि समाजसेवा को भी अपना दायित्व मानती है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र पर चलते हुए देश को विकास के पथ पर अग्रसर किया है। चाहे गरीबों के लिए मुफ्त राशन योजना हो, किसानों के लिए सम्मान निधि, महिलाओं के लिए उज्ज्वला योजना या युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर, हर वर्ग का ख्याल रखा गया है।
भाजपा महिला मोर्चा सीवन मंडल की अध्यक्षा कृष्णा कश्यप ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में पारदर्शी शासन व्यवस्था कायम हुई है। महिलाओं को पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण से सशक्त बनाया गया है। गांवों की गलियों और चौपालों तक विकास पहुंचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों में समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की सोच है।
दोनों नेत्रियों ने यह भी दोहराया कि आने वाले समय में भाजपा की सरकार जनविश्वास से और भी मजबूत होकर सामने आएगी क्योंकि जनता विकास और ईमानदारी को देख रही है।

