Wednesday, February 4, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeहरियाणा प्रदेशकैथलडॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को समर्पित श्रद्धांजलि सभा में गूंजे...

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को समर्पित श्रद्धांजलि सभा में गूंजे राष्ट्रभक्ति के स्वर

बलविंद्र जांगड़ा बोले – उनका बलिदान भारत की आत्मा में जीवित है

इंडिया गौरव, राहुल सीवन। भाजपा आईटी सेल के जिला अध्यक्ष बलविंद्र जांगड़ा के कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कार्यकर्ताओं व नेताओं ने देशभक्ति के भावों के साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि मनाई। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर हुई, जिसमें स्थानीय नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

आईटी सेल के जिला अध्यक्ष बलविंद्र जांगड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी न केवल एक प्रखर राष्ट्रवादी थे, बल्कि भारत की अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान बलिदानी थे। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान के विरोध में मुखर्जी जी का संघर्ष आज इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने बिना अनुमति के जम्मू-कश्मीर जाकर देश की संप्रभुता की लड़ाई लड़ी और नजरबंदी के दौरान अपने प्राणों का त्याग कर दिया।

जांगड़ा ने कहा कि धारा 370 के खिलाफ मुखर्जी जी का आंदोलन आज पूरी तरह सफल हो चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह ने उनके संकल्प को साकार किया है। उनका बलिदान आज भी हर राष्ट्रभक्त के लिए एक प्रेरणा है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए संकल्पबद्ध है।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश मुंजाल ने भी संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, शिक्षा, सिद्धांत और संघर्ष का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व को याद करना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को जागृत करना है। डॉ. मुखर्जी ने शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रीय स्वाभिमान को सशक्त करने में अहम भूमिका निभाई थी।

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। संपूर्ण वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा। बलविंद्र जांगड़ा ने अंत में सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और मुखर्जी जी के सपनों का भारत बनाने में योगदान दें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments