कहा : मोदी के कुशल नेतृत्व में देश ने अतुलनीय युग में प्रवेश किया
कैथल, 24 जून। भाजपा ढांड मंडल के अध्यक्ष विजेंद्र मैहला जडौला ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने अतुलनीय युग में प्रवेश किया है। यह 11 वर्ष केवल शासनकाल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का वह दौर है जिसमें भारत ने अपनी न प्राचीन सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए आधुनिक विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। नई अनाज मंडी ढांड में अपने
प्रतिष्ठान पर बातचीत करते हुए विजेंद्र मैहला ने कहा कि गरीब, किसान, महिला और युवा ये चार स्तंभ मोदी सरकार के सुशासन के केंद्र बिंदु हैं। अंत्योदय उत्थान के लक्ष्य के साथ पिछले 11 वर्षों में 29 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा नीचे से ऊपर उठाया गया है। जल जीवन मिशन से 15 करोड़ ग्रामीण घरों में नल से जल पहुंचाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना से 4
करोड़ परिवारों को पक्के घर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी मातृशक्ति के सम्मान को बरकरार रखने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश खुले में शौच से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी के निर्णयों में दृढ़ता और देशहित सर्वोपरि रहा है। चाहे जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की बात हो, पुलवामा हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक हो,
या फिर हाल ही में चिनाब ब्रिज के जरिए कश्मीर घाटी को देश से जोडऩा, उनका हर निर्णय एक नए भारत की नींव रखता है। भाजपा मंडल अध्यक्ष विजेंद्र मैहला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारदर्शिता, तकनीकी नवाचार और विकास की नीति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई, जिसका परिणाम आज विश्व मंच पर भारत की सशक्त उपस्थिति के रूप में
सामने है। चंद्रयान, मंगलयान और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों ने भारत को विश्व की अग्रणी टैक्नोलॉजी शक्ति बना दिया है। भारतीय अर्थव्यवस्था आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढऩे वाली अर्थव्यवस्था बन गई है।

