पूरा देश खड़ा है प्रभावित परिवाराें के साथ: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
नई दिल्ली,। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को हृदय
विदारक बताते हुए कहा है कि दुख की इस घड़ी में पूरा देश प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।
श्रीमती मुर्मु ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह इस घटना के बारे में जानकर
‘बहुत व्यथित’ हैं और उन्होंने इसे ‘हृदय विदारक आपदा’ कहा।
राष्ट्रपति ने कहा, “अहमदाबाद में हुए
दुखद विमान दुर्घटना के बारे में जानकर मैं बहुत व्यथित हूं। यह एक हृदय विदारक आपदा है। मेरी
संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। राष्ट्र इस अवर्णनीय दुख की घड़ी में उनके साथ
खड़ा है।” एयर इंडिया के अमहदाबाद से लंदन जा रहे विमान में चालक दल के 12 सदस्यों समेत
242 लोग सवार थे। विमान उडान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर
गहरा दुख जताया है और प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है।
यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित
लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूँ जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए
काम कर रहे हैं।” गौरतलब है कि एयर इंडिया का एक ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान आज अपराह्न
अहमदाबाद से लंदन के लिये उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 230 यात्री, दो पायलट
और चालक दल के 10 अन्य सदस्य सवार थे।