व्लादिवोस्तोक, 30 जुलाई (वेब वार्ता)। रूस के सखालिन क्षेत्र के सेवेरो-कुरिल्स्क शहर के पास बुधवार
को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। क्षेत्रीय गवर्नर वालेरी लिमारेंको ने सोशल मीडिया पर यह
जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.9 मापी गयी जिसके बाद
सुनामी की चेतावनी जारी की गई और संभावित खतरनाक इलाकों से निवासियों को निकाला गया।
लिमारेंको ने कहा कि आपातकालीन सेवाएँ बेहतर तरीके से काम कर रही हैं और लोगों को सुरक्षा
के लिए ऊँचे स्थानों पर जाने में मदद कर रही हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि स्थिति
नियंत्रण में है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सभी
आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भूकंप से अभी तक किसी गंभीर क्षति या हताहत
की सूचना नहीं है।
जापान ने रुस में भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की
जापान ने रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तट पर आए
शक्तिशाली भूकंप के बाद बुधवार को प्रशांत तट के बड़े इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी
की। मौसम विज्ञान एजेंसी ने आज स्थानीय समयानुसार सुबह 9:40 बजे यह चेतावनी जारी की।
चेतावनी में लहरों के तीन मीटर तक ऊँची उठने की आशंका जतायी गयी है। उन्होंने बताया कि यह
चेतावनी होक्काइडो से वाकायामा प्रान्त तक के तटीय क्षेत्रों को कवर करती है जिसमें आओमोरी,
इवाते, मियागी, फुकुशिमा, चिबा, इबाराकी, शिज़ुओका और इज़ू द्वीप समूह के कुछ हिस्से शामिल
हैं। अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से ऊंचे स्थान पर जाने का आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने कहा
कि यदि आस-पास कोई ऊँचा भूभाग न हो, तो वे तुरंत मज़बूत इमारतों की ऊपरी मंज़िल पर चले
जाएँ। एजेंसी ने ज़ोर देकर कहा है कि सुनामी लहरें अनुमानित ऊँचाई से ज़्यादा ऊँची हो सकती हैं।

