Wednesday, February 4, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeस्पोर्ट्सरोमांचक मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम ने बंगलादेश को 18 रनों से...

रोमांचक मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम ने बंगलादेश को 18 रनों से हराया

बुलावायो, 18 जनवरी । वैभव सूर्यवंशी (72) और अभिज्ञान कुंडु (80) की अर्धशतकीय
पारियों के बाद विहान मल्होत्रा (चार विकेट) और खिलन पटेल (तीन विकेट) के दमदार प्रदर्शन
बदौलत भारत ने शनिवार को अंडर-19 विश्वकप के वर्षा प्रभावित मुकाबले में बंगलादेश को डीएलएस
पद्धति से 18 रनों से शिकस्त दी।

239 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही
ओवर में जावद अबरार (पांच) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान
अजीजुल हकीम ने रफत बेग के साथ पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। 12वें

ओवर में कनिष्क चौहान ने रफत बेग (37) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। दो विकेट पर 92
के स्कोर के बाद बारिश शुरु हो गई और बारिश रूकने के बाद बंगलादेश को संशेधित लक्ष्य मिला,
जिसे वह हासिल करने में विफल रही।

बंगलादेश का तीसरा विकेट कमाल सिद्दीकी (15) के रूप में गिरा। उन्हें विहान मल्होत्रा ने अपनी ही
गेंद पर कैच आउट किया। इसके बाद 24वें ओवर में मल्होत्रा ने शेख परवेज जिबोन (सात) को आउट
कर पवेलियन भेज दिया। अगले ही ओवर में खिलन पटेल ने अजीजुल हकीम (51) के रूप में
बंगलादेश का पांचवां विकेट झटकर भारत की मैच में वापसी कराई। इसके बाद खिलन पटेल ने फरीद

हसन (एक) को भी अपना शिकार बना लिया। 29वें ओवर की तीसरी गेंद पर खिलन पटेल ने
इकबाल हुसैन इमोन (दो) को आउटकर 146 के स्कोर पर बंगलादेश की पारी का अंत कर दिया।
भारत के लिए विहान मल्होत्रा ने चार विकेट लिये। खिलन पटेल को तीन विकेट मिले। कनिष्क
चौहान और दीपेश देवेंद्रन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले बंगलादेश ने आज यहां टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी
करने उतरी भारतीय अंडर-19 टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 53 के स्कोर तक अपने
तीन विकेट गंवा दिये। कप्तान आयुष म्हात्रे (छह), वेदांत त्रिवेदी (शून्य) को अल फहद ने तीसरे
ओवर में आउट किया। विहान मल्होत्रा (सात) को 10वें ओवर में अजीज़ुल हकीम ने अपना शिकार
बनाया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये अभिज्ञान कुंडु ने वैभव सूर्यवंशी के साथ पारी को संभाला और तेजी
के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। इस दौरान वैभव
सूर्यवंशी ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 27वें ओवर में इकबाल हुसैन इमोन ने वैभव सूर्यवंशी को
आउटकर भारत को चौथा झटका दिया। वैभव सूर्यवंशी ने 67 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के
उड़ाते हुए 72 रनों की आतिशी पारी खेली। हरवंश पंगालिया (दो) और कनिष्क चौहान (28) रन
बनाकर आउट हुये।

बारिश के कारण खेल रोके जाने के समय भारत ने 39 ओवर में छह विकेट पर 192 रन बना लिये
है। बारिश के बाद फिर से खेल शुरु होने पर 40वें ओवर में शेख परवेज जिबोन अमब्रिश (पांच) को
आउट किया। भारत का आठवां विकेट खिलन पटेल (आठ) के रूप में 45वें ओवर में गिरा। इस दौरान

अभिज्ञान कुंडु एक छोर थामे रन बनाते रहे, उन्हें 47वें ओवर में अल फहद ने आउट किया।अभिज्ञान
कुंडु ने 112 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 80 रनों की पारी खेली। 49वें ओवर की
चौथी गेंद पर अल फहद ने दीपेश देवेंद्रन छह गेंदों में 11 रन को आउटकर भारतीय पारी को 238
के स्कोर रोक दिया। बंगलादेश के लिए अल फहद ने पांच विकेट लिये। इकबाल हुसैन इमोन और
अजीज़ुल हकीम ने दो-दो विकेट लिये। शेख परवेज जिबोन ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments