हरारे, 20 जनवरी (वेब वार्ता)। अली रजा (चार विकेट) और मोमिन कमर (तीन विकेट) की बेहतरीन
गेंदबाजी के बाद उस्मान खान (75) और अहमद हुसैन (47) की दमदार पारियों की बदौलत
पाकिस्तान ने सोमवार को अंडर-19 विश्वकप के 12वें मैच में स्कॉटलैंड को 41 गेंदे शेष रहते छह
विकेट से हरा दिया। 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने 43.1 ओवर में चार
विकेट पर 190 रन बनाकर छह विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। हालांकि पाकिस्तान ने 48
के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये थे। सलामी बल्लेबाज अली हसन बलूच (15) और समीर
मिन्हास (28) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद उस्मान खान और अहमद हुसैन ने पारी को संभाला
और टीम को जीत की दहलीज पर ले गये। उस्मान खान ने 85 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के
लगाते हुए 75 रनों की पारी खेली। वहीं अहमद हुसैन ने 92 गेंदों में 47रन बनाये। कप्तान फरहान
युसूफ 18 रन बनाकर नाबाद रहे। स्कॉटलैंड के लिए ओली जोन्स, मनु सारस्वत ने दो-दो विकेट
लिये। इससे पहले आज यहां पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का
फैसला किया। स्कॉटलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 12 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट
गंवा दिये। थियो रॉबिन्सन (चार) और मैक्स चैपलिन (दो) रन बनाकर आउट हुये। पाकिस्तानी
गेंदबाजी आक्रमण के आगे स्कॉटलैंड की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाये। थॉमस नाइट ने
सर्वाधिक 37 रनों की पारी खेली। फिनले जोन्स (33), ओली जोन्स (30), मनु सारस्वत (25) और
रोरी ग्रांट (21) रन बनाकर आउट हुये। स्कॉटलैंड के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच
सके। 49वें ओवर की पहली गेंद पर अब्दुल सुभान ने जेक वुडहाउस (दो) को आउटकर स्कॉटलैंड की
पारी का 187 के स्कोर पर अंत कर दिया। पाकिस्तान की ओर से अली रजा (चार विकेट) और
मोमिन कमर (तीन विकेट) लिये। अब्दुल सुभान को दो विकेट मिले। मोहम्मद सैयाम ने एक
बल्लेबाज को आउट किया।

