मऊ, 06 मार्च । शीतला माता मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विचार परिवार द्वारा
फाल्गुनोत्सव एवं होली उत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग
सपरिवार शामिल हुए और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरक्ष प्रांत के प्रचारक रमेश ने कहा कि भारतीय
त्योहार उत्सव से उत्साह की ओर ले जाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी उत्सव तब तक पूर्ण
नहीं होता जब तक उसमें उत्साह और आत्मीयता न हो। होली का पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है,
जो कुटुंब व्यवस्था और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इतिहास में अनेक
आक्रमणकारियों ने भारत की संपदा और मंदिरों को लूटा, लेकिन हमारी हजारों वर्षों पुरानी पारिवारिक व्यवस्था
और परंपराओं को नहीं तोड़ पाए।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि होली का पर्व
समरसता और भाईचारे का संदेश देता है। विभिन्न रंगों का एक साथ मिलना भारत की अनेकता में एकता की
भावना को मजबूत करता है।
कार्यक्रम में प्रख्यात भोजपुरी कलाकार एवं अभिनेता आर्यन बाबू ने “होली खेले रघुवीरा” और “मसाने की होली”
जैसे फाग और भोजपुरी गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। उनके गीतों पर जनसामान्य से लेकर गणमान्य लोग भी
झूम उठे और पूरा परिसर फागुन के रंग में रंगा नजर आया।
जनपद के विभिन्न नगरों से लगभग ढाई हजार से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए।
सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होलिकोत्सव की बधाई दी।
इस मौके पर विभाग प्रचारक अंबेश, जिला प्रचारक आर्यम, नगर प्रचारक रितेश, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय
मौर्य, उमेश पाण्डेय, देवेंद्र सिंह, अभिषेक खंडेलवाल, शक्ति सिंह, सुनील यादव, सह प्रांत कारवाह रामविलास, विभाग
संघ चालक राम प्रताप, विभाग कारवाह विनोद, जिला संघ चालक कैलाश, जिला कारवाह भूवेश, वीरेंद्र, नगर
कार्यवाह अंबरीश, जिला प्रचार प्रमुख प्रिंस, संतोष सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य लोग उपस्थित
रहे।

