ग्रेटर नोएडा, 20 अगस्त । ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई
करते हुए बिसरख गांव के डूब क्षेत्र में लगभग 25,000 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया।
अभियान के दौरान अवैध कॉलोनी काटने की कोशिश कर रहे कालोनाइज़र के निर्माण कार्यों को
ध्वस्त किया गया और मौके पर भारी मशीनरी लगाकर संरचनाओं को हटाया गया।
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान
में तीन जेसीबी और दो डंपर तैनात रहे। अधिकारियों ने बताया कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना स्वीकृति
और नक्शा पास कराए गए किसी भी निर्माण पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सहायक मुख्य कार्यपालक
अधिकारी सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि जलमग्न/डूब क्षेत्र और हरित/सार्वजनिक उपयोग वाली
भूमि पर अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान करीब दो घंटे चला, जिसमें प्राधिकरण के जीएम ए.के. सिंह, ओएसडी रामनयन सिंह,
सर्किल प्रभारी राजेश निम और नागेंद्र सिंह, प्रबंधक रोहित गुप्ता सहित स्थानीय पुलिस व पीएसी की
टीमें मौजूद रहीं। सुरक्षा-व्यवस्था के बीच मशीनों की मदद से अस्थायी-स्थायी ढांचों को तोड़ा गया
और मलबा हटाया गया।
प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संपत्ति की खरीद-फरोख्त से पहले
प्राधिकरण से अभिलेख और अनुमोदन की पुष्टि अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी कानूनी विवाद
या ध्वस्तीकरण की स्थिति से बचा जा सके। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे अभियानों को नियमित
रूप से जारी रखा जाएगा ताकि सार्वजनिक भूमि और पर्यावरणीय रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा
सुनिश्चित की जा सके।

