सपा ने भक्तों को किया था लहूलुहान : योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर, 20 अक्टूबर । गोरखपुर के वनटांगिया गांव जंगल
तिनकोनिया नंबर तीन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली मनाई। मुख्यमंत्री ने सोमवार को
यहां 49 करोड़ रुपये की 133 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कियाl मुख्यमंत्री ने
प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या के भव्य और दिव्य दीपोत्सव को समृद्धि और सुशासन का
प्रतीक बताया और राज्य की पूर्ववर्ती सपा और कांग्रेस की सरकारों पर तीखी टिप्पणी की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को विदेशी आक्रांताओं ने अपमानित किया थाl मर्यादा पुरुषोत्तम
भगवान श्रीराम के अस्तित्व को कांग्रेस की सरकारों ने नकारने का कुत्सित प्रयास किया थाl उसके
बाद सपा सरकार ने रामभक्तों को लहूलुहान करते हुए कई षड्यंत्र किए थे। आज वही अयोध्या नव्य
और दिव्य होकर देश और दुनिया को आकर्षित कर रही है।
मुख्यमंत्री लगातार नौवीं बार वनटांगियों के साथ दीपपर्व की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री योगी
आदित्यनाथ ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए 49 करोड़ रुपये की 133 विकास
परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। योगी ने कहा कि कल अयोध्या के दीपोत्सव की
भव्यता और दिव्यता देखते ही बन रही थी। व्यक्ति जब पुरुषार्थ करता है, अपनी विरासत पर गौरव
की अनुभूति करता है, पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता का भाव रखता है तो उल्लास और उमंग का दिव्य
आयोजन ईश्वर की कृपा से आ ही जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कायाकल्प और दीपोत्सव से
पहचान सिर्फ अयोध्या की ही नहीं बनी है बल्कि नव्य अयोध्या और इसका दीपोत्सव पूरे भारत की
पहचान बन गई है। समाज का हर तबका यहां बिना भेदभाव आयोजन का सहभागी बनता है।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या बांटती नहीं है बल्कि सबको जोड़ती है। यहां एयरपोर्ट महर्षि
वाल्मीकि के नाम पर है। भोजनालय माता शबरी के नाम पर और प्रमुख चौराहा प्रभु श्रीराम का
भजन गाने वाली स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के नाम पर है। दक्षिण भारत के प्रमुख संतों की भी
प्रतिमा अयोध्या में स्थापित कराई गई है।
पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही अयोध्या
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या देश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है। यहां सूर्य
के किरणों से ही बिजली दी जा रही है। अयोध्या में नए भारत के नए उत्तर प्रदेश का दिग्दर्शन हो रहा है।
अनुशासन और समर्पण में है हमारी ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण ही हमारी ताकत होती है। इसी
के दम पर उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था के नए मानक गढ़े हैं। अनुशासन और समर्पण
से ही आने वाले समय में उत्तर प्रदेश और बेहतर करने में सफल होगा। उन्होंने कहा कि हमारी
समृद्धि में स्वदेशी की झलक देखनी चाहिये। योजनाओं से संतृप्त हैं वनटांगिया
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वनटांगिया गांव में सुविधाओं का घोर अभाव था। न सड़क थी, न
बिजली, न मकान, न स्कूल। जबकि आज यहां हर व्यक्ति के पास पक्का मकान है, बच्चों के लिए
स्कूल है, आंगनबाड़ी केंद्र है, बिजली है, पानी है। यहां के लोग राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन
योजनाओं के लाभ से आच्छादित हैं। वनटांगिया गांव योजनाओं और सुविधाओं से संतृप्त है। यहां की
महिलाएं एफपीओ से सब्जी की खेती कर समृद्धि के मार्ग पर चल पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार
ने तय किया है कि मुसहर, थारू, कोल, सहरिया, चेरो, बुक्सा आदि को गरीबी की रेखा से बाहर
निकालकर समृद्धि को उसके घर तक ले जाएंगे।
हर गरीब की करें मदद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की कि वे कम से कम एक गरीब परिवार में
दीपावली की खुशियां जरूर बांटें। उन्होंने कहा कि गरीब के घर में दीप जलाते हुए, उसे मिष्ठान और
उपहार देते हुए सेल्फी लें और पूरी दुनिया को बताएं कि हम साथ साथ खुशियां बांटते हैं।
योगी से सीख लेते हैं अन्य प्रदेशों के नेतृत्वकर्ता: डॉ. संजय निषाद
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी
आदित्यनाथ के जनकल्याण के कार्यों से अन्य प्रदेशों के नेतृत्व कर्ता भी सीख लेते हैं। सीएम योग ने
यूपी को अपराधमुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त बनाकर अर्थव्यवस्था को भी अग्रणी पंक्ति में ला दिया है। त्रेता
युग में भगवान श्रीराम ने वमगमन के दौरान निषादराज को जो सम्मान दिया था, वर्तमान दौर में वही भाव सीएम योगी भी रखते हैंl
इस मौके पर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह और पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह ने
सम्बोधित किया। इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे,
एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, डॉ. विमलेश
पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, काशी से आए
जगद्गुरु स्वामी संतोषाचार्य सतुआ बाबा, कालीबाड़ी के महंत रविंद्र नाथ, वनटांगिया समुदाय के
रामगणेश, बलराम, विश्वम्भर, परमात्मा आदि प्रमुख रूप से मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का
शुभारंभ मां सरस्वती, मां भारती, बजरंग बली और गुरु गोरखनाथजी के चित्रों पर पुष्पार्चन से हुआ।
कई लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी,
आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, पशुपालन विभाग के लाभार्थियों को स्वीकृति
पत्र, उद्यान विभाग के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व मिनी बीज किट प्रदान किए। इन सभी
लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने दीपावली का उपहार भी दिया।
योगी आदित्यनाथ ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों को 49 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का
दीपावली उपहार भी दिया। उन्होंने 32 करोड़ 81 लाख 60 हजार रुपये के 128 विकास कार्यों का
लोकार्पण और 16 करोड़ 80 हजार रुपये की लागत वाली 5 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
इस मौके पर लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया और बच्चों का
अन्नप्राशन कराया। योगी ने तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराकर उन्हें उपहार प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने दीप जलाकर दीपोत्सव का शुभारंभ क़र गांव का भ्रमण किया। योगी आदित्यनाथ गांव
में वनटांगिया समाज के मुखिया रामगणेश के घर भी गए। पहुंचे। मुख्यमंत्री ने छोटे बच्चों के साथ
फोटो खिंचवाकर उन्हें और अधिक खुश कर दिया।

